उचाना थाना पुलिस ने गांव भगवानपुरा में व्यक्ति की हत्या करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लाया है। गांव भगवानपुरा निवासी अश्वनी ने 17 जुलाई को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि रात को उसके पास सुरेंद्र का फोन आया था। जिसके बाद वह अपने चाचा के लड़के के पास पहुंचा और वहां से गांव में ही शराब के ठेके के पास पहुंचा। जहां उसका चाचा रामकला खून से लथपथ पड़ा था। मैके पर गांव के रहने वाले सुरेंद्र, भीम व सोनू भी मौजूद थे। वह चाचा को सामान्य अस्पताल नरवाना ले गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अश्वनी ने आरोप लगाया था कि सुरेंद्र, भीम और सोनू ने उसके चाचा की हत्या की है। उचाना थाना पुलिस ने अश्वनी की शिकायत पर सुरेंद्र, भीम, सोनू के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भीम तथा सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।