23जेएनडी11-बैठक में भाग लेते हुए ग्रामीण सफ ाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा के सदस्य। स्रोत यूनियन
जींद। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा की बैठक प्रधान ईश्वर सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी की ओर से 24 नवंबर 2024 को जींद में डीएससी समाज की रैली में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के वेतन को 26 हजार करने की घोषणा और हाल में जारी किए गए एक हजार रुपये बढ़ोतरी के नोटिफिकेशन पर चर्चा की गई। ऐसे में प्रदेश भर के ग्रामीण सफाई आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसी कड़ी में दो मार्च को डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा के आवास पर जिलेभर के ग्रामीण सफाई कर्मचारी आक्रोश प्रदर्शन करेंगे। यूनियन के जिला सचिव पवन कुमार और सीटू जिला सचिव कपूर सिंह ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के दबाव में दो जुलाई 2024 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ग्रामीण सफाई कर्मियों के वेतन में एक हजार रुपये की मामूली सी बढ़ोतरी की थी। इसका नोटिफिकेशन पिछले दिनों जारी किया गया है। इसके जारी होने पर अब सफाई कर्मियों का वेतन सिर्फ 16 हजार हुआ है, जबकि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जींद की रैली में 26 हजार की घोषणा की थी। इसमें दस हजार रुपये का फर्क है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि सरकार ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी 90 प्रतिशत से ज्यादा डीएससी समाज से है। लेकिन सफाई कर्मचारियों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी पिछले 18 साल से कच्ची नौकरी की मार झेल रहे हैं। इस मौके पर मुकेश, गुलाब, सुखविंद्र, विनोद, प्रवीण, कपूर, कर्मबीर, बलबीर, सुरेश, संजीव और भूप भी मौजूद रहे।