नरवाना। गांव फुलियां कलां निवासी एक आरएमपी चिकित्सक से अज्ञात लोगों ने फोन करके 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पैसे नहीं देने पर चिकित्सक को गोली मारने की धमकी दी गई। चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना नरवाना पुलिस को दी शिकायत में रजिस्टर्ड मेडिकल प्रेक्टिसनर (आरएमपी) चिकित्सक सतपाल उर्फ सत्तू ने कहा कि वीरवार शाम को वह अपने घर में बैठे हुए थे। उसी समय उसके मोबाइल नंबर पर एक नंबर से कॉल आई और नाम पूछने के बाद कहा कि कल शाम तक 25 लाख रुपये तैयार रखना, नहीं तो गोली मार दी जाएगी। इसके बाद कॉल करने वाले ने फोन काट दिया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।