संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। कैथल रोड पर अमरेहड़ी के पास वेल्डिंग की दुकान पर ट्राली को उठाते समय हाईड्रा मशीन बिजली की तार छू गई, जिससे हाईड्रा मशीन तथा ट्राली में करंट आ गया। इससे काम कर रहे मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने हाईड्रा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अमरेहड़ी निवासी महिला सलमा ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति 34 वर्षीय अनवर अमरेहड़ी में ही किराए की दुकान पर वेल्डिंग का काम करता था। वीरवार शाम को उसके पति ने किराये पर हाईड्रा मशीन ली, जिससे दुकान के सामने रखी ट्राली को उठाकर दूसरी तरफ रखवा सके। हाईड्रा मशीन चालक ने कहा कि अपनी ट्राली को जल्दी रखवा लो उसे दूसरी जगह जाना है। हाईड्रा चालक ने ट्राली को ज्यादा ऊंचा उठा दिया और ट्रॉली का बैलेंस बनाने के लिए अनवर को ट्राली को हाथ लगाने के लिए कहा। हाईड्रा मशीन ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों से छू गई और ट्राली के हाथ लगाते ही अनवर को बिजली का करंट लग गया। अनवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पत्नी सलमा की शिकायत पर हाईड्रा चालक के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।