जींद। वित्तीय वर्ष 2026 के बजट को लेकर चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में मंगलवार को बैठक हुई। अध्यक्षता कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. रामपाल सैनी ने की। बैठक में विश्वविद्यालय के वित्तीय प्रबंधन, विकास कार्यों तथा शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
सर्वसम्मति से विश्वविद्यालय के लिए वित्तीय वर्ष 2026 का बजट 147 करोड़ 87 लाख 66 हजार पास किया गया। इसी महीने आयोजित होने वाली एग्जीक्यूटिव काउंसिल और कोर्ट की बैठक में बजट पारित होने के लिए भेजा जाएगा और इस बैठक में पास होने के बाद गवर्नमेंट के पास पारित होने के लिए भेजा जाएगा।
बैठक में हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों व शिक्षाविदों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय की वित्तीय आवश्यकताओं, शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के विषय में सुझाव प्रस्तुत किए।
कुलपति प्रोफेसर रामपाल सैनी ने कहा कि विश्वविद्यालय को प्राप्त बजट का उपयोग पूरी पारदर्शिता और सुनियोजित ढंग से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस बजट के माध्यम से विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास रहेगा कि उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए संस्थान को शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ाया जाए। कुलसचिव डॉ. राजेश कुमार बंसल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
बजट का उपयोग विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक तथा आधारभूत ढांचे के विकास के लिए प्रभावी तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के सहयोग से बजट का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान बैठक में प्रो. सुभाष चंद, हरपाल सिंह, प्रो. आनंद मलिक, प्रो. विशाल वर्मा, डॉ. रवि भूषण समेत अन्य लोग शामिल रहे।