जींद। अर्बन एस्टेट निवासी एक महिला के बैंक खाते से साइबर ठगों ने एक लाख रुपये निकाल लिए। महिला के मोबाइल पर खाते से रकम कटने का मैसेज आया तो उसे धोखाधड़ी का पता चला। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली है। अर्बन एस्टेट निवासी नीलम देवी ने एफआईआर में बताया कि उसका एक्सिस बैंक में खाता है और उसमें उसका मोबाइल नंबर लिंक है। दो नवंबर को उसके मोबाइल पर खाते से एक लाख रुपये डेबिट होने का मैसेज आया। उसने बैंक खाते की जांच की तो उसमें से एक लाख रुपये निकाले जा चुके थे। उन्होंने बताया कि उसने न तो किसी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा किया और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया था। इसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी जगदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी कर खाते से राशि निकालने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद