जींद। हत्या, हत्या के प्रयास, लूट समेत अन्य वारदात के आरोपी इनामी बदमाश रिषी को मंगलवार रात डिटेक्टिव स्टाफ ने साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। रिषी पर पांच दिन पहले ही पुलिस महानिदेशक ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। रिषी पर करीब 12 मुकदमे और साथी बीबीपुर निवासी अमित पर छह मुकदमे दर्ज हैं। इनामी बदमाश रिषी को डिटेक्टिव स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है। अकेले रिषी पर हत्या, हत्या का प्रयास व लूट के 12 मामले दर्ज हैं। बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेज दिया।
डिटेक्टिव टीम के प्रभारी समरजीत सिंह ने बताया आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए टीम राजपुरा भैण निवासी रिषी और बीबीपुर निवासी अमित की धड़पकड़ में जुटी थी। मंगलवार को टीम सूचना के आधार पर किलाजफरगढ़ गांव के पास पहुंची। इस दौरान पुलिस ने रिषी और अमित को चार अवैध पिस्तौल, छह कारतूस के साथ दबोच लिया। डीएसपी पुष्पा खत्री ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि 14 दिसंबर 2020 को धर्मखेड़ी निवासी अजय ने शिकायत दी थी कि वह व उसका साथी विक्की गांव बुआना से 1.91 लाख रुपये लेकर बाइक पर जुलाना जा रहे थे। गांव करेला नहर पर तीन अज्ञात युवकों ने पिस्तौल के बल पर उनसे नकदी व दो मोबाइल छीन लिए। इस मामले में जुलाना थाना पुलिस में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों से गांव बुआना से लूट की वारदात के बाद छिपाए दो 315 बोर के कट्टे बरामद किए हैं।
दिल्ली से पैरोले पर आकर दिया छह वारदात को अंजाम
इनामी राजपुरा भैण निवासी रिषी ने पूछताछ में बताया कि वह छह महीने पहले दिल्ली की अदालत से एक केस में पैरोल लेकर आया था। इसके बाद उन्होंने जिले में लूट, हत्या के प्रयास समेत छह वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपियों ने कुछ वारदात की बात कुबूलीं।
- 15 नंवबर 2020 को रिषी ने अमित, सुमित उर्फ छोटा, धनखड़ी निवासी विशाल उर्फ विशु, कर्मबीर, रोहित, बुआना निवासी संदीप, बीबीपुर निवासी योगिंद्र व अजय के साथ मिलकर रामराय के शराब ठेका पर झगड़ा किया।
- रिषी, अमन, अनूपगढ़ निवासी हिमांशु, राजपुरा भैण निवासी सुमित उर्फ मन्नी, ईक्कस निवासी पवन उर्फ पोनी के साथ मिलकर तीन महीने पहले लक्ष्य ढाबा पर अनूपगढ़ निवासी विनोद पर गोलियां चलाई थी।
- 19 नवंबर 2020 को बीबीपुर निवासी मनोज की गोली मार कर हत्या की।
- 6 दिसंबर 2020 को रिषी, अमित व बीबीपुर निवासी पवित्र ने रोहतक के गांव भाली के पास से पिस्तौल के बल पर बाइक छीनी।
- 23 दिसंबर को रिषी, अमित, ढिगाना निवासी रोहित उर्फ टिंकू, बिरौली निवासी सुमित उर्फ छोटा, बीबीपुर निवासी कर्मबीर ने रामराय गांव स्थित शराब ठेका पर गोलियां चलाई।
- 11 जनवरी 2021 को रिषी ने किलाजफरगढ़ निवासी सचिन के साथ मिलकर ढाबे पर फायरिंग की।
आरोपियों ने दिल्ली, रोहतक और जींद में 12 वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों के पुराने मामलों को खंगाल रही है। इसके अलावा जिले में जिन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात की, उनकी पहचान की जा रही है। - समरजीत सिंह डिटेक्टिव इंचार्ज