बस स्टैंड परिसर के निरीक्षण के दौरान यात्री से बातचीत करते जीएम बिजेंद्र सिंह। संवाद
- फोटो : Jind
रोडवेज के जीएम बिजेंद्र सिंह ने बुधवार को बस स्टैंड परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें बस स्टैंड परिसर में ज्यादातर यात्रियों को बिना मास्क के पाया। इस पर जीएम ने कहा कि अभी कोरोना संक्रमण का खतरा टला नहीं है। ऐसे में उनको चाहिए कि वह खुद और दूसरों की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक जगह पर जाते समय मास्क अवश्य लगाएं।
इसके बाद जीएम ने यात्रियों से शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होेंने कर्मचारियों से कहा कि शौचालय व बस स्टैंड परिसर में सफाई का विशेष ध्यान रखें। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए। इसके अलावा टंकी पर पीने के पानी की व्यवस्था की जांच की। उन्होंने कहा कि एक दो जगह जहां भी कमियां पाई गई हैं उनको सुधारने के लिए कर्मचारियों को आदेश दे दिए गए हैं।
सिटी बस चलान के लिए मुख्यालय से मांगे निर्देश
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में रोडवेज महाप्रबंधक ने कहा कि सिटी बस सेवा शुरू करने के लिए प्रशासन से मांग की गई है। इसके साथ ही मुख्यालय से भी निर्देश मांगे गए हैं। जैसे ही अनुमति मिलती है तो सिटी बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। वहीं बस चलाते समय चालकों द्वारा फोन पर बात करते रहने व सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने के सवाल पर जीएम ने कहा कि इसके लिए चालकों को बार-बार प्रशिक्षण दिया जाता है। अगर फिर भी कोई चालक ऐसा नहीं कर रहा है तो उनको फिर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा टीएम व एसएस को निर्देश दिए जाएंगे कि चालकों को सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने व बस चलाते समय फोन पर बात न करने के लिए जागरूक करें।
जल्द शुरू होगा नया बस स्टैंड
जीएम कहा कि नए बस स्टैंड पर बिजली, सीवर व पानी के कनेक्शन होने बाकी हैं। जल्द ही कनेक्शन करवा दिए जाएंगे। उसके बाद नए बस स्टैंड से बसों का परिचालन शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय-समय पर बस स्टैंड परिसर का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। कर्मचारियों का प्रयास है कि यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं दी जाएं।