मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रोडवेज कर्मचारी।
- फोटो : Jind
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के वरिष्ठ नेता सुशील ईक्कस, अनूप लाठर, सजन कंडेला व संदीप रंगा के नेतृत्व में गुरुग्राम में किलोमीटर स्कीम के तहत प्राइवेट बसें चलाने का विरोध कर रहे कर्मचारी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सुबह 10 से 12 बजे तक दो घंटे विरोध प्रदर्शन किया गया।
तालमेल कमेटी के प्रांतीय नेता दलबीर किरमारा, सरबत सिंह पूनिया व सुरेंद्र मलिक ने कहा सरकार द्वारा किलोमीटर स्कीम के तहत प्राइवेट बसें ठेके पर लेने की जिद्द के खिलाफ रोजवेज कर्मचारियों में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राइवेट बसें चलाने की हठधर्मिता व कर्मचारी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशभर के डिपो मेें दो घंटे प्रदर्शन किया गया। उन्होंने परिवहन मंत्री द्वारा किलोमीटर स्कीम के तहत प्राइवेट बसें चलाने पर नाराजी जताते हुए कहा कि रोडवेज कर्मचारी प्राइवेट बसें चलाने का डटकर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा जनता व कर्मचारियों की मांग लगातार सरकारी बसें बढ़ाने की है। फिर भी सरकार अपने चहेते साहूकारों को फायदा पहुंचाने के लिए प्राइवेट बसें ठेके पर लेकर चलाने की जिद पर अड़ी है। उन्होंने कहा कि 510 प्राइवेट बसों के टेंडर प्रक्रिया में विजिलेंस जांच में 900 करोड़ रुपये का घोटाला साबित होने के साथ विभाग के उच्च अधिकारियों को दोषी ठहराया जा चुका है। फिर भी परिवहन मंत्री घोटाले से सबक नहीं लेकर कर्मचारियों को एक बार फिर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
अनूप लाठर ने कहा कि बार फिर जनता के सहयोग से रोडवेज कर्मचारी किलोमीटर स्कीम रद्द करने की मांग को लेकर बड़ी कुर्बानी देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किलोमीटर स्कीम रद्द करने की मांग को लेकर 29 दिसंबर को रोहतक में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी द्वारा राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन किया जाएगा। सम्मेलन में हड़ताल व आंदोलन की ठोस योजना बनाई जाएगी। 8 जनवरी को प्रदेश के 18 हजार कर्मचारी पूर्ण चक्का जाम हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों के लगातार विरोध से सबक लेकर किलोमीटर स्कीम रद्द करके विभाग में बढ़ती आबादी अनुसार 14 हजार सरकारी बसें शामिल करें, ताकि आम जनता व विद्यार्थियों को बेहतर व सुरक्षित परिवहन सेवा मिलने के साथ 84 हजार बेरोजगारों को स्थायी रोजगार मिल सके। इस मौके पर आजाद गिल, सूबे सिंह, जसबीर चहल, शिव कुमार शर्मा, विजय कुंडू, कुलदीप मोर, सतीश सैनी, प्रवीण, सतबीर, राजेश लाठर, जयबीर तालू, अनिल शर्मा, शेर सिंह, सुनील, नरेंद्र पूनिया भी मौजूद रहे।