25जेएनडी01: बसों के बिना वीरान पड़ा जुलाना का नया बस स्टैंड। संवाद
जुलाना। कस्बे के नए बस स्टैंड पर बस नहीं आने से यात्रियों को काफी परेशानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। नए बस स्टैंड पर केवल हांसी, नारनौंद और रामकली की ही बस आ रही हैं। जींद या रोहतक की ओर जाने वाले यात्रियों को बसें नहीं आने से पैदल ही पुराने बस स्टैंड पर आना पड़ता है। फिर जींद, रोहतक या दिल्ली की ओर जा सकते हैं। ऐसे में निजी वाहन चालकों की चांदी हो रही है।
जींद रोहतक रूट पर पिछले ढाई माह से बस नही आ रही हैं, क्योंकि जुलाना में आंतरिक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य अभी प्रदूषण के कारण रूका हुआ है। अभी यह भी नही कहा जा सकता कि यात्रियों को कितना लंबा इंतजार और करना पड़ेगा। यात्री बस में सफर करने के लिए नए बस स्टैंड पर आते हैं तो वहां आकर पता चलता है कि जींद या रोहतक की ओर जाने वाली कोई भी बस स्टैंड पर नहीं आएगी तो यात्रियों को मायूस होकर पुराने बस स्टैंड पर ही आना पड़ता है।
निजी वाहन चालकों की हो रही चांदी
जुलाना के बस स्टैंड पर बसें नहीं आने के कारण निजी वाहन चालकों की चांदी हो रही है। यात्रियों को पुराने बस स्टैंड से ही निजी वाहनों में सफर करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अलावा पुराने बस स्टैंड पर भीड़ ज्यादा हाेने के कारण घंटों इंतजार भी करना पड़ता है।
सड़क निर्माण के चलते जींद, रोहतक की ओर जाने वाली बसें बस स्टैंड पर नहीं आ रही हैं। जब तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा नही हो जाता तब तक बसें नहीं आ पाएंगी। इसके अलावा अभी मंडी में भी जाम लग रहा है।
-जगबीर सिंह, इंचार्ज बस स्टैंड जुलाना।