जींद। पालवां गांव में रविवार को आयोजित संत शिरोमणि धन्ना भगत की जयंती पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी शिरकत ने शिरकत की। कार्यक्रम में जाने वाले लोगों को ले जाने के लिए जींद डिपो से 106 बस गई।
इसके अलावा 65 बस भिवानी और 35 बस रोहतक डिपो से मंगवाई गई जो जींद से लोगों को लेकर कार्यक्रम में पहुंची। ऐसे में 106 बस जींद डिपो से कार्यक्रम में जाने पर रविवार को जींद से अल सुबह दिल्ली, गुरुग्राम, डबवाली, हरिद्वार, लुधियाना, अमृतसर और गुरुग्राम जैसे लंबे रूट के साथ-साथ कुरुक्षेत्र, भिवानी और कैथल जैसे लोकल रूट पर भी यात्री परेशान रहे। ऐसे में रोहतक, दिल्ली और कुरुक्षेत्र की ओर जाने वाले यात्रियों ने ट्रेन का सहारा लिया। वहीं नरवाना, असंध, गोहाना और हांसी जैसे रूट पर प्राइवेट बस चलने से यात्रियों को थोड़ी बहुत राहत मिली। जींद डिपो में इस समय 168 रोडवेज बस हैं और परिवहन समिति की 162 बस अलग-अलग रूटों पर चलती हैं। जिलेभर में अलग-अलग रूटों पर 162 निजी बसें दौड़ रहीं हैं। इनमें नरवाना रूट पर 31, असंध रूट पर 16, गोहाना और बरवाला रूट पर 19, हांसी रूट पर 26, पुंडरी रूट पर तीन, जींद से पानीपत रूट पर 26, पिल्लूखेड़ा से रोहतक रूट पर पांच, नरवाना से हांसी रूट पर पांच, नरवाना से कैथल रूट पर 24 और नरवाना से हिसार रूट पर 20 निजी बसें शामिल हैं। लोकल रूट पर निजी बस चलने से यात्रियों को थोड़ी राहत मिली। वहीं रोडवेज बसों के नहीं होने पर सुबह 5:50 बजे जींद से चलने वाली अमृतसर, 6 बजे डवाली, 6:20 बजे दिल्ली, 6:30 बजे हरिद्वार, 7:10 बजे सालासर, 8:20 बजे लुधियाना, 10:40 बजे संगरूर, 11 बजे गुरुग्राम और 12:35 बजे गुरुग्राम जाने वाले टाइम मिस रहे। हालांकि शाम को बस डिपो में आना शुरू हो गई थी, जिसके बाद अब सोमवार से बसों का संचालन सुचारू रूप से होने की संभावना है।
सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में रोडवेज बसों का प्रयोग करना गलत है। सरकार की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को परेशानी नहीं हो। वहीं साथ में सरकार को चाहिए कि रोडवेज के बेड़े में बसों की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे युवाओं को स्थाई रोजगार मिल सके और साथ ही लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल जाए।
-संदीप रंगा, राज्य उपप्रधान, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ।
पालवां गांव में आयोजित संत शिरोमणि धन्ना भगत की जयंती में रोडवेज बस गई थी, जो रविवार को शाम तक डिपो में आ गई थी। सोमवार से सभी रूट पर बसों का संचालन सुचारू रूप से जारी रहेगा। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-राहुल जैन, रोडवेज महाप्रबंधक जींद डिपो।