रेवाड़ी। दौसा स्थित प्रसिद्ध मेहंदीपुर बालाजी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेवाड़ी रोडवेज डिपो से राहत भरी खबर आई है। करीब एक साल पहले बंद की गई सीधी बस सेवा को आखिरकार फिर से जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
पहले बसों की कमी के चलते यह सेवा बंद करनी पड़ी थी जिसके कारण श्रद्धालुओं को काफी असुविधा झेलनी पड़ रही थी। पिछले एक वर्ष से श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने के लिए ट्रेन और कई बार जीप या अन्य बसों का सहारा लेना पड़ता था जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे थे।
अब रेवाड़ी डिपो की नई सीधी बस सेवा शुरू होने से यह परेशानी खत्म हो गई है। बस सुबह 8:30 बजे रेवाड़ी बस स्टैंड से रवाना होगी और कोटकासिम, अलवर, मालाखेड़ा, राजगढ़, बांदीकुई, सिकंदरा, मानपुर, ठीकरिया की कोठी, बालाजी मोड़ होते हुए दोपहर 1 बजे मेहंदीपुर बालाजी धाम पहुंचेगी। वापसी यात्रा 1:20 बजे शुरू होकर शाम 6:30 बजे तक रेवाड़ी वापस पहुंच जाएगी।
बस कुल 193 किलोमीटर का सफर तय करेगी और एक तरफ का किराया लगभग 220 रुपये रहेगा। अंतिम किराया जल्द तय किया जाएगा। बस का रात्रि ठहराव कुंड में रखा गया है।
रेवाड़ी से जालंधर के लिए भी सीधी रोडवेज बस सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है। यह बस शाम 6:40 बजे रेवाड़ी से रवाना होकर गुरुग्राम, दिल्ली, अंबाला होते हुए सुबह 6 बजे जालंधर पहुंचेगी। वापसी में बस शाम 4:30 बजे जालंधर से रवाना होकर रात लगभग 3:30 बजे रेवाड़ी लौटेगी। यह बस 512 किलोमीटर का सफर तय करेगी और एक तरफ का किराया 600 रुपये रखा गया है।
जालंधर की बस सेवा शुरू कर चुके हैं लेकिन मेहंदीपुर बालाजी के लिए बस तैयार है और अगले सप्ताह की शुरुआत में ही शुरू कर दी जाएगी। -निरंजन शर्मा, जीएम, रोडवेज रेवाड़ी।