जींद/जुलाना। जींद-रोहतक मार्ग पर गतौली गांव के पास कोहरा छाने और ओवरटेक के प्रयास में शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे रोडवेज बस पशुओं से भरे कैंटर से टकरा गई। हादसे में बस चालक-परिचालक समेत 26 लोगों को चोटें आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल बस चालक विजयपाल को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। हालांकि हादसे में घायल 25 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिली गई। हादसे के बाद कैंटर चालक फरार हो गया। इस दौरान कैंटर में भरे 27 पशुओं में से पांच की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार रोहतक डिपो का बस चालक विजयपाल व परिचालक सुशील शनिवार सुबह बस को रोहतक से लेकर जींद आ रहे थे। गांव गतौली के पास दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में रोडवेज की सामने से आ रहे कैंटर से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और गुरुग्राम से जींद जा रही रोडवेज बस से उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक और परिचालक को एंबुलेंस से जुलाना सीएचसी ले गए, जहां से चालक विजयपाल को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को जींद के सामान्य अस्पताल व जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया गया है। कोहरा ज्यादा होने के कारण ओवरटेक करते समय रोडवेज बस पशुओं से भरे कैंटर से टकरा गई। इसमें लगभग 26 लोगों को चोटें आई हैं। चालक व परिचालक को पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया।
कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
सुबह रोहतक से जींद आ रही रोडवेज बस व जींद की तरफ से जा रहे पशुओं से भरे कैंटर की टक्कर होने पर बस में सवार यात्रियों को चोटें आई है। गंभीर रूप से घायल बस चालक विजयपाल को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। बस चालक की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- सुरेंद्र बागड़ी, थाना प्रभारी, जुलाना
नागरिक अस्पताल में घायल महिला का इलाज करते चिकित्सक।- फोटो : Jind
हादसे में क्षतिग्रस्त रोडवेज बस। - फोटो : Jind