मंगलवार रात को हुई बारिश के कारण भंभेवा के पास बना कच्चा पुल पानी में बह गया था। इसके चलते रोडवेज बस अब मनोहरपुर, सुंदरपुर, खरकरामजी, सिंधवी खेड़ा के रास्ते होते हुए गोहाना जाएंगी। नए रूट पर गोहाना के लिए 55 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। पहले पिल्लूखेड़ा के रास्ते गोहाना जाने के लिए 45 किलोमीटर की ही दूरी तय करनी पड़ती थी। इस दौरान यात्रियों को 40 रुपये किराया देना पड़ता था, लेकिन अब यात्रियों को जींद से मनोहरपुर, सुंदरपुर, खरकरामजी और सिंधवी खेड़ा तक ज्यादा किराया देना होगा। वहीं सिंधवी खेड़ा से आगे निडानी, निडाना, ललित खेड़ा, लुदाना, भंभेवा, खेड़ा-खेड़ी, बुटाना के बाद गोहाना तक पुराना किराया लिया जाएगा। अगर यात्री जींद से सीधे गोहाना तक सफर करेंगे तो यात्री को दस रुपये ज्यादा किराया देना पड़ेगा। इसी प्रकार गोहाना से सिंधवी खेड़ा तक यात्रियों से पुराना किराया वसूला जाएगा। सिंधवी खेड़ा से जींद आते समय खरकरामजी, सुंदरपुर, मनोहरपुर व जींद तक ज्यादा किराया देना होगा।
यात्रियों ने सीएम विंडो पर दी शिकायत
गोहाना रोड पर पांडू-पिंडारा के पास आरओबी के निर्माण कार्य के चलने से करीब एक महीने से गोहाना रोड बंद है। इसके चलते रधाना, निडाना, निडानी और बराह खुर्द के लोगों ने सीएम विंडो पर शिकायत दी है कि आरओबी के निर्माण कार्य के दौरान पिल्लूखेड़ा के रास्ते से जो बस जाती है, उसकी वजह से इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का समाना करना पड़ता है। इसके साथ-साथ गांव से सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी जींद आते हैं। इस रास्ते से जींद आने के लिए दस किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, इसलिए जल्द से जल्द कोई समाधान किया जाए।
नए रूट के हिसाब से चलेंगी बसें
गांव पांडू-पिंडारा के पास आरओबी निर्माण कार्य के चलते गोहाना रोड एक महीने से बंद था। इसके चलते पिल्लूखेड़ा के रास्ते बसों को गोहना लेकर जाया जाता था। मंगलवार को हुई बारिश के बाद भंभेवा के पास बना कच्चा पुल पानी में बह गया। जिसकी वजह से नए रूट के हिसाब से सिंधवी खेड़ा के रास्ते बस गोहाना जाएगी। इस रूट पर बसों को दस किलोमीटर ज्यादा दूरी तय करनी पड़ेगी, इसलिए किराए में बढ़ोतरी की गई है।
जीएस दूहन, वर्कशॉप मैनेजर, जींद।