नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करती पुलिस।
- फोटो : bureau
गांव कंडेला के निकट रविवार सुबह टैंकर से हुई टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जहां पर चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार गांव कोथ कलां निवासी अनिल परिवार सहित करनाल गया हुआ था। रविवार को वह घर लौट रहा था। जब वह गांव कंडेला के निकट पहुंचा तो तेल से भरे टैंकर से कार की टक्कर हो गई।
इसमें अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी मोनिका, बेटा मोहित और बेटी पारुल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने कार में फंसे परिवार के लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। टैंकर चालक हादसे को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि राजेश गुड़गांव में निजी कंपनी में जॉब करता है और वह किसी कार्य के लिए परिवार सहित करनाल गया था। वापस लौटते समय वह परिवार सहित हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।