13जेएनडी01: जाट धर्मशाला में आयोजित बैठक में भाग लेते हुए संगठन के सदस्य। स्रोत: संगठन
जींद। रिटायर्ड कर्मचारी अधिकारी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक रविवार को जाट धर्मशाला में प्रधान किताब सिंह भनवाला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एसोसिएशन के सदस्य कलम सिंह ढुल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया।
बैठक में प्रधान किताब सिंह ने बताया कि आठवें वेतन आयोग के सदस्य 16 से 18 सितंबर तक चंडीगढ़ में रहेंगे। इस दौरान एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल आयोग के सदस्यों से मुलाकात कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़ी मांगों और अपेक्षाओं को उनके समक्ष रखेगा।
एसोसिएशन ने सरकार से मांग की कि 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर बेसिक पेंशन में क्रमश: पांच, 10 और 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाए। इसके अलावा सरकार की ओर से घोषित कैशलेस मेडिकल सुविधा को जल्द लागू करने, मासिक मेडिकल भत्ता एक हजार से बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने और न्यायालयों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पक्ष में आए फैसलों को सामान्यीकृत कर सभी पात्र कर्मचारियों पर लागू करने की मांग उठाई गई।
इस अवसर पर जयदेव शर्मा, जयनारायण पिलानिया, कुलदीप सिंह गोयत, शीशपाल लोहान, दलबीर सिंह रेढू, जय सिंह धनखड़, उदय सिंह संधू, महावीर सिवाच, रोशन लाल सिंगला मौजूद रहे।