जींद। नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल मरीजों के परिजनों को अब रात गुजारने के लिए अस्पताल के गलियारों और बरामदों में भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल परिसर में उनके ठहरने और आराम करने के लिए 6 करोड़ 46 लाख रुपये से विश्राम सराय बनाई जाएगी।
विश्राम सराय के लिए अस्पताल के नए भवन के पीछे खाली पड़ी जगह का चयन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने निर्माण की राशि लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी है। सराय का नक्शा भी तैयार हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
अभी नागरिक अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए रात को रुकने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में मरीज के साथ आए परिवार के सदस्यों को रात अस्पताल के गलियारों, बरामदों या खुले में बैठकर गुजारनी पड़ती है।
कई बार मरीज को कई दिन तक अस्पताल में दाखिल रहना पड़ता है। इस दौरान उसके परिजनों को भी अस्पताल में ही रुकना पड़ता है। दूरदराज के गांवों से आने वाले परिवारों के लिए यह परेशानी और बढ़ जाती है। सर्दी, गर्मी और बरसात के मौसम में खुले स्थानों पर रात बिताना उनके लिए मुश्किल हो जाता है।
दूरदराज से आने वाले परिजनों की परेशानी होगी कम
विश्राम सराय बनने से ऐसे परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। यहां मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों को बैठने और आराम करने के साथ रात बिताने की सुविधा मिल सकेगी। इससे उन्हें अस्पताल परिसर में इधर-उधर जगह तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खासकर उन परिवारों को फायदा होगा, जिनके मरीज लंबे समय तक अस्पताल में दाखिल रहते हैं और उन्हें कई दिन तक वहीं रुकना पड़ता है।
200 बेड के अस्पताल में रोजाना 150 मरीज दाखिल
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 1700 से अधिक मरीजों की ओपीडी होती है। वहीं, 200 बेड के अस्पताल में औसतन 150 मरीज दाखिल रहते हैं। ऐसे में मरीजों के साथ उनके परिजनों की भी बड़ी संख्या अस्पताल में मौजूद रहती है। विश्राम सराय बनने से उन्हें ठहरने, बैठने और सोने के लिए बेहतर जगह मिल सकेगी।
समाजसेवियों ने बताया जरूरी कदम
बॉक्स
नागरिक अस्पताल में मरीजों के इलाज के साथ उनके परिजनों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है। कई बार मरीजों के साथ आने वाले परिजन लगातार कई दिन अस्पताल में रहते हैं। उनके पास रात बिताने के लिए उचित जगह नहीं होती। ऐसे में विश्राम सराय बनने से उन्हें काफी राहत मिलेगी।
-सुनील वशिष्ट, समाजसेवी
बॉक्स
नागरिक अस्पताल में जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी मरीज इलाज करवाने आते हैं। गंभीर बीमारी या लंबे इलाज के दौरान परिजनों को अस्पताल में ही रुकना पड़ता है। विश्राम सराय में ठहरने की सुविधा मिलने से उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और आर्थिक बोझ भी कम होगा।
-राजेंद्र गुप्ता, समाजसेवी
बॉक्स
अस्पताल में मरीजों के लिए बेड, दवाइयों और जांच की सुविधाओं के साथ तीमारदारों के लिए विश्राम की व्यवस्था भी जरूरी है। 6.46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सराय मरीजों के परिवारों को सम्मानजनक और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध करवाने में मददगार साबित होगी।
-राजकुमार गोयल, समाजसेवी
वर्जन
नागरिक अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों के लिए 6 करोड़ 46 लाख रुपये से विश्राम सराय बनाई जानी है। इसके लिए नए भवन के पीछे जगह का चयन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्माण राशि लोक निर्माण विभाग को दी जा चुकी है। नक्शा तैयार है और विभाग की ओर से जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ, जींद