जींद । अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) प्रदीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान प्रकोष्ठ के तहत प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए और कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) पूरी जानकारी के साथ पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि शिकायतों के दोबारा खुलने की संभावना न रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत के साथ जांच रिपोर्ट और संबंधित तथ्य पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं। विशेष रूप से 60 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए।
जिले में अब तक 11,147 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 8,924 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है जबकि शेष 179 शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है और इन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा। बैठक में एसडीएम सत्यवान मान, डीएमसी अनिल कुमार दून और सीटीएम मोनिका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद