जींद। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ वर्ष में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 6 अक्तूबर 2026 कर दी है।
ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अभी तक दाखिला नहीं लिया है, वे रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए इस अतिरिक्त अवसर का लाभ उठा सकेंगे। उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक की ओर से 24 सितंबर को जारी आदेश में प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार तथा सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के प्राचार्यों को इसकी जानकारी दी गई है।
विभाग के अनुसार कॉलेजों और विद्यार्थियों की ओर से एडमिशन पोर्टल दोबारा खोलने और प्रवेश का समय बढ़ाने के संबंध में अनुरोध प्राप्त हो रहे थे। इन्हीं को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि आगे बढ़ाई गई है।
संत शिरोमणि श्री सेन भगत कॉलेज जींद में 361 सीटें खाली
कॉलेज में 13 पाठ्यक्रमों में कुल 1770 सीटों में से 1409 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं, जबकि 361 सीटें अभी खाली हैं। ऐसे में नई प्रवेश तिथि से विद्यार्थियों के पास रिक्त सीटों पर दाखिला लेने का अवसर है। बीए की 600 में से 599 सीटें भर चुकी हैं। अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल और इतिहास में मेजर वाले बीए पाठ्यक्रमों की सभी 40-40 सीटें भर गई हैं। बीबीए की 40 और बीसीए की 120 सीटों पर भी दाखिला पूरा हो चुका है। बीकॉम की 220 में से 195 सीटें भरी हैं और 25 सीटें रिक्त हैं। बीएससी लाइफ साइंस में 170 में से 153 सीटों पर प्रवेश हुआ है और 17 सीटें खाली हैं।
विज्ञान विषयों में सबसे ज्यादा सीटें रिक्त
विज्ञान संकाय के पाठ्यक्रमों में अभी काफी सीटें खाली हैं। बीएससी फिजिकल साइंस की 340 में से केवल 80 सीटें भरी हैं, जबकि 260 सीटें रिक्त हैं। बीएससी केमिस्ट्री में 40 में से 20, गणित में 40 में से 21 और भौतिकी में 40 में से 21 सीटों पर दाखिला हुआ है। इन विषयों में क्रमश: 20, 19 और 19 सीटें खाली हैं।
वर्जन
कॉलेजों में रिक्त सीटों और विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए उच्चतर शिक्षा विभाग ने दाखिले की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर तक बढ़ाई है। जिन विद्यार्थियों का किसी कारणवश दाखिला नहीं हो पाया, वे इस अवसर का लाभ उठाकर रिक्त सीटों पर प्रवेश ले सकते हैं।
-सत्यवान मलिक, प्राचार्य, संत शिरोमणि श्री सेन भगत कॉलेज, जींद