15जेएनडी27: रानी तालाब के नजदीक गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की लाइन। संवाद
जींद। जिले में सभी एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को नए नियम के तहत गैस सिलिंडर दिए जा रहे हैं। इससे दिनभर एजेंसियों के बाहर भीड़ लगी रहती है। कॉमर्शियल सिलिंडर को लेकर कुछ स्थानों पर परेशानी आ रही है। इसके कारण कई होटल और ढाबा संचालक मजबूरी में घरेलू सिलिंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि जिले की सभी गैस एजेंसियों पर नियमित रूप से सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। वहीं दूसरी ओर होटल, ढाबों और कुछ दुकानदारों द्वारा कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी की शिकायतें सामने आई हैं। डीसी ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेंगे। इसमें गैस आपूर्ति से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों और अस्पतालों को प्राथमिकता पर गैस सिलिंडर मिलेगा। इन संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन बनता है। इसलिए इनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह समय पर उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराएं। वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। शहर में उपभोक्ताओं को 25 तो गांव में 45 दिन में सिलिंडर मिलेंगे।-राजेश आर्य, डीएफएओ जींद।