जींद। खेल विभाग, योग भारती हरियाणा शाखा रामराय एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गांव रामराय में तीन दिवसीय सूर्य नमस्कार अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को योग, फिटनेस और अनुशासन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में खेल विभाग की छह खेल नर्सरियों के बच्चों ने भाग लिया।
इस अभियान की शुरुआत पूर्ण मंत्रोच्चार और योग अभ्यास के साथ की गई। कार्यक्रम में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामराय की खेल नर्सरियों के साथ-साथ ग्राम पंचायत रामराय की खेल नर्सरियों के बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। बच्चों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास कर योग के प्रति रुचि और अनुशासन का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान योग भारती हरियाणा शाखा के संचालक एवं आयुष विभाग के योग सहायक संगीत कुमार ढुल ने बच्चों को योग, सूर्य नमस्कार और उसके विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों को सरल भाषा में समझाते हुए कहा कि नियमित योग से शरीर निरोगी रहता है। मन भी एकाग्र और सकारात्मक बनता है।
सभी बच्चों ने एक सूर्य नमस्कार को सही विधि, संतुलन और तालमेल के साथ पूर्ण किया, जो उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा। बच्चों के अनुशासन और समर्पण की सभी प्रशिक्षकों एवं अतिथियों ने सराहना की। इस अभियान का आयोजन जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. अमित रोहिला और जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा के मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश में किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के योग अभियान बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल भावना विकसित करने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने में सहायक सिद्ध होते हैं। इस दौरान खेल विभाग के प्रशिक्षकों कोच राम ढुल, कैप्टन सुनील ढुल, राजेश ढुल, प्रशांत, राम, मंजीत और सन्नी फौजी मौजूद रहे।