जींद। हरियाणा सरकार ने बच्चों के सामान्य ज्ञान, भाषा कौशल और तार्किक क्षमता को विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी 14,267 सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए नियमित अखबार पढ़ना अनिवार्य कर दिया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी केवल पाठ्यपुस्तकों तक ही सीमित रह जाते हैं, जिससे वे करंट अफेयर्स और व्यावहारिक भाषा की समझ में पिछड़ जाते हैं। इसी कमी को दूर करने के लिए विभाग ने हर स्कूल की लाइब्रेरी में कम से कम एक हिंदी और एक अंग्रेजी अखबार रखना अनिवार्य कर दिया है।
यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि वाले बच्चों के लिए वरदान साबित होगी, जिन्हें घर पर अखबार उपलब्ध नहीं हो पाते।
बदलते दौर की प्रतियोगी परीक्षाओं और इंटरव्यू को ध्यान में रखते हुए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। शिक्षा विभाग के अनुसार, अखबार पढ़ने से बच्चों की शब्दावली में सुधार होगा, उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।