7 जुलाना 02: मेधावी छात्रा को सम्मानित करते हुए स्कूल प्रशासन।स्रोत: स्कूल प्रशासन
जुलाना। क्षेत्र के गांव गतौली स्थित छोटूराम स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा हर्षिता ने पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) के बाद प्रदेशभर में पांचवां स्थान हासिल कर स्कूल, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रा की इस उपलब्धि पर स्कूल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया जहां शिक्षकों और विद्यार्थियों ने जोरदार स्वागत किया।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में हर्षिता को प्रारंभिक परिणाम में 489 अंक प्राप्त हुए थे। इसके बाद हर्षिता ने उत्तर पुस्तिका के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। पुनर्मूल्यांकन के बाद उसके पांच अंक बढ़ गए। अब कुल स्कोर 494 अंक हो गया। संशोधित परिणाम के आधार पर उसने पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्कूल के डायरेक्टर जितेंद्र ढांडा ने हर्षिता को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हर्षिता की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।