जींद। सफीदों विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले रामकुमार गौतम के पास 40 हजार रुपये की नकदी है। इतनी ही नकदी उनके पास 2019 में नारनौंद विधानसभा से जजपा के टिकट पर नामांकन दाखिल करते समय थी। उनकी पत्नी के पास 60 हजार रुपये की नकदी है।
नामांकन दाखिल करते समय जो हलफनामा रामकुमार गौतम की तरफ से दिया गया है, उसके अनुसार वह 2019 में आठ लाख 50 हजार रुपये की रिटर्न भरते थे। अब 21 लाख 17 हजार 210 रुपये की रिटर्न भर रहे हैं। वकालत की पढ़ाई करने वाले रामकुमार गौतम के पास 32 बोर की एक बंदूक भी है। रामकुमार गौतम के बैंक खाते में चार लाख 72 हजार रुपये हैं, जबकि उनकी पत्नी के खाते में नौ लाख 47 हजार रुपये हैं। उनके पास 31 लाख रुपये की एक गाड़ी भी है। रामकुमार गौतम के पास कोई जेवरात नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास 12 लाख 40 हजार रुपये के जेवरात हैं। उनकी पत्नी कृष्ण कांता के पास 19 लाख रुपये की महेंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी है। रामकुमार गौतम ने सात करोड़ रुपये विभिन्न कंपनियों में इन्वेस्ट किए हुए हैं। गौतम ने 21 लाख 50 हजार रुपये का ऋण भी लिया हुआ है। रामकुमार गौतम की चल संपत्ति 37 लाख 78 हजार रुपये हैं, जबकि तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 41 लाख से अधिक की चल संपत्ति है।