जींद। जुलाना विधानसभा क्षेत्र से जजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले अमरजीत ढांडा की पांच साल में दो करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति बढ़ गई। 2019 में उनके पास एक करोड़ 30 लाख रुपये की चल संपत्ति थी, जो अब बढ़कर तीन करोड़ 57 लाख रुपये हो गई है।
2019 में जब अमरजीत ढांडा ने चुनाव लड़ा था, उस समय उन्होंने इनकम टैक्स रिर्टन फाइल में 35 लाख 91 हजार रुपये की इनकम दिखाई थी, जो अब बढ़कर 48 लाख 75 हजार हो गई है। 2019 में ढांडा के पास दो लाख 18 हजार रुपये की नकदी थी, जोकि अब घटकर एक लाख 99 हजार रुपये रह गई है। उनकी पत्नी के खाते में एक लाख दो हजार रुपये की नकदी है। ढांडा के बैंक खातों में 13933 रुपये हैं, जबकि उनकी पत्नी के बैंक खातों में 11377 रुपये हैं। अमरजीत ढांडा के पास एक बुलेट बाइक तथा एक बोलेरो गाड़ी है। अमरजीत ढांडा के पास 40 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 250 ग्राम सोने के आभूषण हैं। अमरजीत ढांडा ने तीन करोड़ 47 लाख रुपये से हैचरी में शेयर खरीदे हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी के नाम भी 25 लाख रुपये के शेयर हैं। ढांडा ने एक करोड़ 65 लाख रुपये ऋण लिया हुआ है। उनकी पत्नी के नाम पर एक करोड़ 13 लाख रुपये का ऋण है। ढांडा के पास इस समय तीन करोड़ 57 लाख रुपये की चल संपत्ति है, जबकि पांच करोड़ के आसपास अचल संपत्ति है।