पोल्ट्री व्यवसायी को वॉट्सएप पर धमकी देकर रंगदारी मांगने पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव बुढ़ाखेड़ा निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पोल्ट्री का व्यवसाय करता है और उसके चूजों की दूसरे राज्यों में भी सप्लाई होती है। पिछले लंबे समय से मध्यप्रदेश के रायपुर निवासी पोल्ट्री चिकित्सक डॉ. मनोज उसे लगातार धमकी दे रहा है और मंथली की डिमांड कर रहा है। मंथली नहीं देने पर उसके कारोबार को ठप करने की धमकी देता रहा। जब उसने पैसे देने से मना कर दिया तो चिकित्सक ने वॉट्सएप पर पोल्ट्री फार्मरों को मैसेज कर दिया कि उनकी पोल्ट्री का चूजा घटिया किस्म का है। इसके कारण उसे काफी नुकसान हुआ है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर रायपुर एमपी निवासी चिकित्सक मनोज के खिलाफ रंगदारी मांगने तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।