जींद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दरियावाला के तत्वावधान में गांव जलालपुर कलां के आंगनबाड़ी केंद्र में एचपीवी वैक्सीन को लेकर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरों और उससे बचाव के प्रति जागरूक किया।
स्वास्थ्य कर्मी पवन श्योकंद और पूनम रानी एमपीएचडब्ल्यू ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण के कारण होने वाला गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर महिलाओं के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।
सरकार की ओर से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए यह वैक्सीन सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है। स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे समाज में फैली भ्रांतियों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं। इस अवसर पर आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।