03जेएनडी13 : रेलवे स्टेशन की जर्जर हालत में चारदीवारी। संवाद।
- फोटो : विजेथुआ महावीरन धाम का मकरीकुंड व मंदिर ।
नरवाना। रेलवे स्टेशन की चारदीवारी जर्जर हो चुकी है। इससे स्टेशन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेलवे प्रशासन भले ही स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर सुरक्षा मजबूत करने का दावा कर रहा हो लेकिन टूटी दीवारें इन इंतजामों पर पानी फेर रही हैं।
रात के समय असामाजिक तत्व इन टूटी दीवारों से स्टेशन परिसर में आसानी से प्रवेश कर लेते हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद वहीं से भाग निकलते हैं। शहरवासियाें ने बताया कि स्टेशन की बाहरी चारदीवारी कई जगहों से पूरी तरह ढह चुकी है। कुछ हिस्सों में दीवार इतनी कमजोर है कि हल्का सा दबाव पड़ने पर गिर सकती है।
गांधी नगर ढाणी कॉलोनी की तरफ की दीवार से रात के समय संदिग्ध लोग अंदर आते-जाते देखे गए हैं। लोगों का कहना है कि बीते कुछ महीनों में स्टेशन के आसपास चोरी की कई छोटी-बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक दीवार की मरम्मत नहीं करवाई गई।
रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों ने भी बताया कि स्टेशन क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे तो लगाए गए हैं, मगर कई हिस्सों में कैमरे की पहुंच नहीं है। टूटी दीवारों से अंदर आने-जाने वालों की गतिविधियां कैमरे में कैद नहीं हो पातीं। यदि किसी दिन कोई बड़ी वारदात हो जाती है तो जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।
लोगों ने मांग की है कि रेलवे विभाग जल्द से जल्द दीवार की मरम्मत कराए और कमजोर हिस्सों को पूरी तरह से दुरुस्त किया जाए। साथ ही, स्टेशन परिसर के चारों ओर पर्याप्त लाइटें और नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि रात के समय भी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहे।
वर्जन
रेलवे परिसर के अंदर नवीनीकरण का कार्य चल हुआ है और यह कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है स्टेशन के अंदर रेलवे कॉलोनी के पास वाली दीवार टूटे होने का मामला संज्ञान में है। रेलवे स्टेशन नवीनीकरण कार्य पूरा होने बाद कंसर्ट डिपार्टमेंट द्वारा इस दीवार का निर्माण करवाया जाना है जो रेलवे स्टेशन नवीनीकरण के बाद होगा।–रणधीर, एसएस, रेलवे स्टेशन नरवाना