शहर की लाइफ लाइन देवी लाल चौक पर लगने वाले जाम से जल्द निजात मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने चौक के पास ही आरयूबी बनाने की योजना बनाई है।
इसके बाद देवी लाल चौक रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से शहर के लोगों को छुटकारा मिल जाएगा। यहां चार तरफ से रोड मिलने के कारण रेलवे फाटक बंद होने के बाद लगने वाला जाम घंटों लोगों को परेशान रखता है।
जींद-पानीपत देवी लाल चौक से रोहतक रोड, भिवानी रोड और हांसी रोड तीन मार्ग निकलते हैं। वहीं बाजार में आने-जाने का मुख्य मार्ग भी यही है।
यहां से जींद-पानीपत रेलवे लाइन फाटक बंद होने की वजह से दिनभर जाम लगा रहता है। इस लाइन पर ट्रेन आने के समय फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा जाती है।
शहरवासियों द्वारा इस रेलवे लाइन पर काफी समय से आरओबी बनाने की मांग की जा रही है। रेलवे फाटक के बिल्कुल समीप बाजार होने की वजह से यहां से आरओबी बनाना संभव नहीं है। ऐसे में रेलवे द्वारा यहां आरयूबी बनाने की योजना बनाई गई है।
रेलवे की जमीन पर बनेगा आरयूबी
शहर के मध्य स्थित होने और फाटक के पास दुकानें होने की वजह से दुकानदारों व अन्य शहरवासियों का विरोध न हो, इसके लिए रेलवे ने खुद की जमीन पर आरयूबी बनाने की योजना बनाई है। रानी तालाब की तरफ से सीधे रेलवे की जमीन पर अंडर पास बनाकर रेलवे फाटक मार्ग को बंद किया जाएगा और रेलवे की जमीन से मार्ग को सीधे देवी लाल चौक से जोड़ा जाएगा। इस मार्ग पर आरयूबी बनने से काफी हद शहर में जाम की स्थिति से मुक्ति मिलेगी।
जींद-सोनीपत रेलवे लाइन शुरू होने से जरूरी हो गया है आरयूबी
जींद-पानीपत रेलवे लाइन पर प्रतिदिन ट्रेन के आवागमन के आठ फेरें हैं। देवीलाल चौक फाटक के पास ही बना शहर रेलवे स्टेशन प्रदेश का खाद का सबसे बड़ा डंपिंग स्टेशन है। अब जींद-सोनीपत रेलवे लाइन पर भी ट्रेनों का परिचालन जल्द ही शुरू होने जा रहा है। ऐसे में इस मार्ग पर आरयूबी बनाना आवश्यक हो गया है।
बस स्टैंड के पास गुजरने वाले मिनी बाईपास पर पहले ही आरयूबी मंजूर हो चुका है, यह आरयूबी 12 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बनेगा। इसके अलावा दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन पर पुराना हांसी रोड व भिवानी रोड पर करीब 72 करोड़ रुपये की राशि से दो आरओबी का निर्माण किया जाएगा।
शहर की लाइफ लाइन है यह मार्ग
यह मार्ग शहर की लाइफ लाइन है। फाटक बंद होने की स्थिति में लोग काफी समय तक जाम में फंसे रहते हैं। इससे बाजार में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। अगर यहां आरयूबी बनता है, तो शहर को काफी हद तक जाम से मुक्ति मिलेगी।
भारत भारद्वाज, प्रधान
स्वर्णकार संघ।
आरयूबी बनने से मिलेगी जाम से मुक्ति
काफी समय इस मार्ग पर आरओबी बनाने की मांग की जा रही है। अगर यहां आरयूबी बनता है, तो भी काफी हद तक जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी। अब जींद-सोनीपत रेलवे लाइन पर भी जल्द ही ट्रेन परिचालन शुरू होने जा रहा है। इसलिए जल्द ही आरयूबी का निर्माण होना चाहिए।
कर्मबीर दूहन, प्रधान
जन संघर्ष समिति, जींद।
नक्शा तैयार करके रेलवे को भेज दिया है
आरयूबी के लिए नक्शा तैयार करके रेलवे को भेजा गया है। देवीलाल चौक पर जींद-पानीपत रेलवे लाइन पर रेलवे की जमीन पर आरयूबी बनाने के लिए नक्शा तैयार किया गया है। रेलवे की तरफ से मंजूरी मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रणधीर सिंह, एडीएन, रेलवे
रेलवे।