अस्पताल में जांच करते डॉ. प्रभुदयाल व उनकी टीम।
- फोटो : Jind
सफीदों के एक निजी अस्पताल में गर्भपात करने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की है। जांच के दौरान टीम को यहां कई आपत्तिजनक उपकरण व दवाएं मिली हैं।
पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. प्रभुदयाल के अनुसार जांच के दौरान इस्तेमाल हुई एमटीपी किट व कुछ दवा मिली हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में गर्भपात के लिए महिला को दाखिल किया जाता था। जिन महिलाओं के गर्भपात की सूचना मिली है, उनके नाम भी अस्पताल के रजिस्टर में दर्ज हैं। इसके चलते रिकॉर्ड को कब्जे में ले लिया है। वहीं अस्पताल संचालक जांच टीम को अस्पताल में नहीं मिले हैं। डॉ. प्रभुदयाल के अनुसार स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि निजी अस्पताल में अवैध रूप से गर्भपात करवाया जा रहा है। इस पर टीम ने अपने स्तर पर मामले की रेकी की। सूचना पुख्ता होने के बाद छापा मारा गया है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. प्रभुदयाल के अनुसार पूरे अस्पताल की बारीकी से जांच की गई है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान एक कमरे में रखे कूलर से इस्तेमाल की गई एमटीपी कीट बरामद हुई। डॉ. प्रभुदयाल के अनुसार जिले के एक गांव की महिला का अवैध रूप से गर्भपात की सूचना मिली थी। इस पर महिला की पहचान कर ली गई है। महिला की जांच में पता चला कि उसके करीब 18 सप्ताह का गर्भ गिराया गया। इस पर अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को भी जांच टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल संचालक के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करवाया जाएगा।