नागरिक अस्पताल में अपनी तीन माह की बच्ची का इलाज करवा रही महिला का पर्स चोरी हो गया। पर्स में 11 हजार रुपये, मोबाइल व एक घड़ी थी। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोर की पहचान की जा रही है।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में पटियाला चौक निवासी अंजू रानी ने बताया कि वह अपनी तीन माह की बेटी परवी को दिखाने नागरिक अस्पताल में आई थी। परवी को चिकित्सकों ने निमोनिया बताया और उसके दाखिल कर लिया। वह अपनी बेटी को लेकर अस्पताल के कमरे में बेड पर बैठी हुई थी। उसने पर्स को पास में ही रखा था। कुछ देर बाद पर्स गायब मिला। महिला ने बताया कि पर्स में 11 हजार रुपये, मोबाइल फोन व एक घड़ी थी। हेड कांस्टेबल बुद्धराम ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। उसमें एक युवक पर्स चोरी करता दिखाई दे रहा है। जल्द ही उसकी पहचान कर ली जाएगी।