28जेएनडी20: धागा मील कॉलोनी में बायो गैस प्लांट को लेकर विरोध जताते हुए शहरवासी। स्रोत शहरवासी
जींद। गोहाना रोड स्थित भारत नगर की गली नंबर पांच के सामने स्थापित बायो गैस प्लांट कॉलोनी वासियों के लिए जी का जंजाल बन गया है। प्लांट से निकलने वाले बदबूदार धुएं और प्रदूषण के विरोध में धागा मिल कॉलोनी, भारत नगर और एम्पलाइज कॉलोनी के लोगों ने शनिवार को नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बिजेंद्र दहिया, सुखदेव, राजगुरू और रोशनी ने बताया कि प्लांट की चिमनियों से निकलने वाले धुएं के कारण क्षेत्र में गला खराब, एलर्जी, दमा और जुकाम जैसी परेशानियां शुरू हो गई हैं। यह प्लांट पूरी तरह से रिहायशी क्षेत्र के बीचों-बीच है।
धुएं और बदबू के कारण न केवल स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। लोगों को डर है कि भविष्य में उन्हें अपनी जीवन भर की जमा पूंजी से बने घरों को छोड़कर पलायन करना पड़ेगा। शहरवासियों ने बताया कि 29 तारीख को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसके बाद पांच तारीख को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर प्लांट को बंद करवाने की मांग की जाएगी। प्लांट से सटी धागा मिल कॉलोनी की महिलाओं ने कहा कि भारी वाहनों के आवागमन से उनके घरों की दीवारों में दरारें आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि बड़ी मुश्किल से लोन लेकर घर बनाया था, अब न तो यहां रह पा रहे हैं और न ही कोई इन मकानों को खरीदने को तैयार है।