संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने जिला के सभी अधिकारियों की बैठक लेकर सुशासन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है जनता को समय पर, साफ-सुथरी और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं उपलब्ध करवाना। सभी विभाग योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें
19 से 25 दिसंबर तक गुड गवर्नेंस सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी व जनहितकारी बनाना है।
बैठक में विभागों से उनके वर्तमान कार्यों, आगामी योजनाओं व जनता को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को वर्तमान, निकट भविष्य और दीर्घकाल में बेहतर बनाने की रूपरेखा रखी गई। सभी विभागों को भी इसी प्रकार योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सभी सरकारी योजनाओं को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से लागू किया जाए व किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी होगा, जब वह समय पर पात्र लोगों तक पहुंचें।
उन्होंने जनता से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने, अनावश्यक रूप से लंबित मामलों को तुरंत सुलझाने और नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीटीएम मोनिका, डीआरओ राजकुमार, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज मौजूद रहे।