25जेएनडी19-मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए भारतीय मजदूर संघ के सदस्य। संवाद
जींद। भारतीय मजदूर संघ सदस्यों ने समान काम समान वेतन की मांग को लेकर बुधवार को शहर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला राजस्व विभाग अधिकारी राजकुमार को केंद्रीय और राज्य श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन दिया।
बुधवार सुबह भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता गोहाना रोड पर पुराना बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और फिर डीसी कार्यालय पहुंचे। प्रांत मंत्री जितेंद्र वत्स और जिलाध्यक्ष राममेहर जांगड़ा ने कहा कि सरकार की ओर से सभी सेक्टर और सभी श्रमिकों के लिए श्रम कानूनों को बिना किसी छूट के अंत्योदय की सच्ची भावना के साथ एक साथ लागू किया जाए।
इंडियन लेबर कॉन्फ्रेंस को बहाल किया जाए। अनेक त्रिपक्षीय कमेटियों का पुनर्गठन किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यह समितियां प्रभावी एवं नियमित रूप से श्रमिकों के कल्याण के लिए व्यवहारिक रूप से कार्य करें।
ईपीएस-95 के अंतर्गत न्यूनतम पेंशन एक हजार रुपये से बढ़ाकर 7500 रुपये प्रतिमाह महंगाई भत्ता की राहत के साथ लागू किया जाए। ईपीएफ में अनिवार्य अंशदान के लिए राशि सीमा 15 हजार बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। बैंको में पांच दिवसीय साप्ताहिक कार्य लागू किया जाए। आम भर्ती पर लगी रोक तुरंत हटाया जाए और नौकरियों में बिना किसी अनिश्चितता या असुरक्षा के गारंटी रोजगार का भरोसा दिया जाए।
मौके पर पब्लिक हेल्थ कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष दलबीर सिंह, अनुबंध विद्युत कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष शर्मा, अनुबंध स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री मनीष कुमार और जिला मंत्री विनोद शर्मा भी मौजूद रहे।