28जेएनडी34 : प्रदर्शन के लिए निमंत्रण देते संयुक्त किसान मोर्चा सदस्य आजाद पालवां व अन्य लोग। स
जींद। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सुरक्षा चूक मामले में गिरफ्तार की गई उचाना खंड के गांव घसो खुर्द निवासी नीलम पर लगे यूएपीए एक्ट हटाने और उसकी रिहाई की मांग को लेकर शुक्रवार को नरवाना में प्रदर्शन किया जाएगा। नीलम के भाई रामनिवास ने आमजन, सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों से अपील भी की है कि वह इस प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लें।
शुक्रवार को नरवाना में रेलवे स्टेशन से लेकर लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद एसडीएम को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा नेता आजाद पालवां, सिक्किम श्योकंद, मास्टर बलबीर, मनजीत करोड़ा ने कहा कि गांव घसोखुर्द की नीलम ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर संसद में अपनी आवाज बुलंद की थी। नीलम ने नौजवानों के हक की आवाज उठाई थी। लोकतंत्र में अपनी आवाज को उठाना कोई अपराध नहीं है। सरकार तथा पुलिस द्वारा नीलम पर यूएपीए एक्ट लगाया गया है। वह नीलम के साथ हैं और यूएपीए एक्ट को हटाने व नीलम की रिहाई की मांग करते हैं। इसी को लेकर शुक्रवार को शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा और मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा। प्रदर्शन में किसान संगठनों के अलावा अन्य सामाजिक संगठनों के लोग भी भाग लेंगे। इसके बावजूद भी सरकार ने नीलम की रिहाई को लेकर कदम नहीं उठाया तो फिर आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
यह है मामला
13 दिसंबर को दिल्ली में चल रहे संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान दो युवकों ने संसद के अंदर घुस कर कलर स्मॉग फैलाया था तो वहीं संसद के बाहर उचाना खंड के गांव घसो खुर्द निवासी नीलम ने प्रदर्शन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी। इसके बाद नीलम को गिरफ्तार किया गया था। नीलम पर यूएपीए एक्ट लगाया गया था। इसके बाद नीलम के गांव में उसके घर की तलाशी ली व उसके बारे में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जानकारी जुटाई गई थी। बाकायदा दिल्ली से आई टीम उसके घर से बैंक अकाउंट, खातों की कॉपी, किताबें, डेयरी लेकर गई थी। नीलम से अभी तक परिवार के लोग मिल नहीं पाए हैं। कोर्ट में अपील डालने के बाद भी नीलम से केवल उनका वकील ही मिल पाया है। परिवार के लोग नीलम से मिलने की खातिर दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। अब शुक्रवार को नीलम की रिहाई और उस पर लगे यूएपीए एक्ट को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।