नगर परिषद कार्यालय में प्रॉपर्टी कर भरने के लिए लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : Jind
महिला एवं बाल विकास विभाग में पासवर्ड चोरी कर गबन करने जैसा ही मामला अब नगर परिषद में भी सामने आया है। यहां भी एक युवक ने नगर परिषद की आईडी और पासवर्ड चोरी कर 3400 रुपये की ठगी की है। इसका पता तब लगा, जब शुक्रवार सुबह कर्मचारियों ने लॉगिन खोला तो यह नहीं खुला। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है।
प्रॉपर्टी कर की सीट पर काम करने वाली नीलम ने कार्यकारी अधिकारी डॉ. एसके चौहान को दी शिकायत में कहा कि विजय नगर निवासी सुनीता ने आईडी और पासवर्ड चुराकर प्रॉपर्टी की रसीद खुद ही काट ली। इसकी जांच के लिए जब नगर परिषद कर्मचारी सुनीता के घर गए तो पता चला कि सुनीता का बेटा काम के लिए नगर परिषद में आता था। इस दौरान उसकी अकाउंटेंट के साथ अच्छी बनने लगी। इसी का फायदा उठाकर उसने आईडी और पासवर्ड को चुरा लिया। वीरवार शाम को पांच बजे के बाद घर पर ही अपनी प्रॉपर्टी का कर 3400 रुपये ऑनलाइन जमा कर दिया, लेकिन यह राशि नगर परिषद के पास नहीं पहुंची। वहीं पुलिस को दी शिकायत में अकाउंटेंट ने कहा कि इसके चलते शुक्रवार को उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी। ऐसे में इसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी डॉ. एसके चौहान के अनुसार यह बेहद गंभीर मामला है।