अर्बन एस्टेट स्थित मोतीलाल नेहरू स्कूल में रविवार को सृष्टि फाउंडेशन द्वारा आयोजित नवरंग डांस प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन लिया गया। खचाखच भरे ऑडिटोरियम में कलाकारों ने पूरा धमाल मचाया, जिसको देखने पर लगा कि ऑडिशन की बजाए फाइनल का नजारा था। नन्हे कलाकारों ने ऑडिशन में जमकर धमाल मचाया।
सृष्टि फाउंडेशन के प्रवक्ता बलविंद्र सिंह ने बताया कि सृष्टि द्वारा आयोजित नवरंग डांस ऑडिशन में लगभग 228 बच्चों ने भाग लिया और अपनी-अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन किया। दस वर्ष तक की आयु वर्ग के नटवर ग्रुप में ‘बलम पिचकारी जो तूने मुझे मारी’ ‘कान में झुमका चाल में ठुमका व चिट्टियां कलाइयां गीतों पर 90 बच्चों ने अपनी-अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन किया। इसमें से 20 प्रतिभागियों का फाइनल के लिए चयन किया गया। 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग के नट किशोर ग्रुप में लुंगी डांस, आजा नच लै, मेरा चूंदड मंगा दे ओ नणदी के बीरा तथा अप्सरा आली गीतों पर थिरकते हुए 98 प्रतिभागियों में से 25 फाइनल में पहुंचे।
सृष्टि के प्रवक्ता बलविंद्र सिंह ने बताया कि 15 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के नटराज ग्रुप में ताल से ताल मिला, लंदन ठुमकदा, मेरा नौ डांडी का बाजणा, छोटी सी उम्र में लग गया रोग गीतों पर धमाल मचाते हुए 40 कलाकारों में से 15 कलाकारों ने अपने-अपने नृत्य का प्रदर्शन कर फाइनल की तरफ कदम बढ़ाया।
मंच संचालन डॉ. रजत वर्मा व राहुल पूनिया ने किया तथा निर्णायक मंडल में हिसार से आए डॉ. संजय शर्मा व डॉ. मोनिका सैनी ने जज की भूमिका निभाई। सृष्टि संयोजक डॉ. विवेक सिंगला ने बताया कि डांस प्रतियोगिता का आयोजन संस्था द्वारा चलाई जा रही दिल के रोगी बच्चों के आपरेशन के लिए सहायतार्थ किया जा रहा है। संस्था द्वारा अब तक 39 बच्चों का आपरेशन कराया जा चुका है। संस्था प्रधान कुलदीप ने बताया कि संस्था द्वारा शीघ्र ही आई बैंक की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें शहर के लोगों को नेत्र प्रत्यारोपण की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है तथा नव वर्ष पर इसको शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन दिल के रोगी गरीब बच्चों की सहायतार्थ किया जा रहा है। इस मौके पर मोहनलाल गुप्ता, नितिन सिंगला, अनिल सिंघल, परमजीत सेठी, सुनील, विनोद, अजय गुप्ता, अशोक कुमार, अजय गोयल, बीएस गर्ग, डॉ. बनीश गर्ग, आशीष भारद्वाज, भारतभूषण गोयल, धीरज गुप्ता, डॉ. प्रियदर्शी अरुण शर्मा, अमित अग्रवाल, सुनीता मलिक, डॉ. परमिंद्र, डॉ. मंजू सिंगला, रेखा जिंदल व आशा गोयल मौजूद थे।