14जेएनडी10: शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को पूर्व सीएम भूपेंद्र सि
जींद। बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविदास धर्मशाला में पहुंचे। हुड्डा ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और संविधान निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। हुड्डा ने कहा कि बाबासाहेब के शिक्षित बनो, संगठित रहो संघर्ष करो’ का मूल मंत्र दिया था। इस मंत्र को हमें कभी भूलना नहीं चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय रणबीर सिंह हुड्डा ने भी बाबासाहेब की अध्यक्षता में बतौर सदस्य संविधान निर्मात्री समिति में कार्य किया था। इस संविधान पर बाबा साहेब की हस्ताक्षर है। उस पर उनके पिता के भी हस्ताक्षर हैं। यह उनके लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम के बाद पत्रकार वार्ता में पूर्व सीएम ने प्रधानमंत्री के भाषण पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक छिंटाकशी की बजाए सरकार को हरियाणा में बढ़ती बेरोजगारी, खाली पड़े लाखों पदों, बिगड़ती कानून व्यवस्था और विकास के गिरते स्तर के बारे में बात करनी चाहिए। प्रधानमंत्री को बताना चाहिए था कि कैसे प्रदेश की बीजेपी सरकार ने हरियाणा को विकास में नंबर वन के पायदान से धकेलकर गर्त में पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सभी कौशल कर्मियों को सरकार ने पक्का करने का वादा किया था, लेकिन तीसरी बार सरकार बनते ही बीजेपी ने युवाओं को बेरोजगारी के दलदल में धकेलने का काम शुरू कर दिया। विनेश फोगाट की इनाम राशि की मांग को भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जायज बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए पद और उचित इनाम देने की नीति बनाई थी, लेकिन बीजेपी ने उस नीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि मंडियों में गेहूं की खरीद सुचारू रूप से नहीं हो रही है। नमी का बहाना बनाकर एजेंसियां खरीद से पीछे हट रहीं हैं। बेमौसमी बारिश के चलते गेहूं में नमी की मात्रा बढ़ने से किसानों की परेशानियां भी बढ गई हैं। सुखी गेहूं में भी 13 से 15 प्रतिशत नमी आ रही है। सरकार को नमी की छूट को 14 प्रतिशत तक किया जाना चाहिए। इस दौरान शिक्षा व खेलों में नाम रोशन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया। इस मौके पर सांसद सतपाल ब्रहमचारी, पूर्व विधायक सुभाष गांगोली, धर्मशाला के प्रधान राजेश समेत समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए।