30जेएनडी12: एचटेट की परीक्षा को लेकर डीसी अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा निर्देश देते हुए। स्रोत
जींद। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में चार और पांच जुलाई को होने वाली परीक्षा के लिए कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 12,874 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक कर परीक्षा के सफल संचालन के लिए दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता और पारदर्शिता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रश्न-पत्रों की सुरक्षित ढुलाई और समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू की जाएगी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़, फोटोकॉपी दुकानों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के दौरान पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात प्रबंधन की भी पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।संवाद