15जेएनडी11: गड्ढों में तबदील हो चुका लितानी रोड। संवाद
उचाना। शहर का प्रमुख लितानी रोड गड्ढों में तबदील हो चुका है। करीब 17 साल पहले इस रोड का निर्माण हुआ था। तब से लेकर अब तक गड्ढों से छुटकारा दिलाने के लिए पेचवर्क किया जाता रहा लेकिन निर्माण की मांग आज भी ज्यों की त्यों है। इसको लेकर न तो विधायक और न ही प्रशासन सुध ले रहा।
नए सिरे से सड़क के निर्माण की मांग राहगीर, दुकानदार, वाहन चालक प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से कर चुके हैं। यह शहर का प्रमुख रोड होने के चलते यहां से आवागमन अधिक होता है। यहां से देवभूमि बनभौरी, हिसार, बरवाला, उकलाना, हांसी के वाहन जाते हैं। लाइन पार गांव के किसान मंडी में फसल के सीजन में इस रोड से ही आते-जाते हैं। गड्ढे होने के चलते दो पहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अजीत, सुमित, राहुल ने कहा कि करीब 17 साल पहले नगर पालिका ने सड़क का निर्माण करवाया था। काफी सालों के बाद गड्ढों में तबदील होने के बाद यहां पर पेचवर्क को करवाया दिया जाता है लेकिन गड्ढे अधिक होने से पैदल आने-जाने वालों तक को परेशानी हो रही है।
नगर पालिका को चाहिए कि वह नए सिरे से निर्माण करवाए, ताकि जो वर्षों पुरानी मांग है। वह पूरी हो। नपा सचिव अशोक डांगी ने कहा कि अंडरपास से जो लितानी रोड है। शहर में वहां पर सड़क निर्माण नपा करवाएगी। इसको लेकर प्रक्रिया चल रही है।