जींद। सदर थाना क्षेत्र के गांव ईगराह के निवासी जय भगवान से साइबर ठगों ने एक लाख 40 हजार रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली है।
एफआईआर में जय भगवान ने बताया कि आठ फरवरी को वह अपने घर पर थे। उसी दौरान उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उनका जानकार गुरुग्राम का विजेंद्र बताया और कहा कि उसकी गांव में ढाई एकड़ जमीन है और उसे बेच देना।
यह भी कहा कि उसके साले का लड़का बीमार है और मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम में भर्ती है। उसने जय भगवान से कहा कि उसके मोबाइल से पैसे ट्रांसफर नहीं हो पा रहे हैं और वह उनके खाते में एक लाख रुपये भेज रहा है। पैसे आप बताए गए मोबाइल नंबर पर डाल दें।
उस दिन जय भगवान ने 50 हजार और 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। अगले दिन उन्हें 50 हजार रुपये और डालने के लिए कॉल आई। उन्होंने बताए गए खाते में पैसे भेज दिए। बाद में बिजेंद्र के दामाद अमित का फोन आया। जब जय भगवान ने पूरी घटना बताई तो अमित ने बताया कि कि उनके परिवार में कोई बीमार नहीं है और किसी ने पैसे नहीं मांगे हैं।
इसके बाद जय भगवान को शक हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी करने का एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।