घोषणा पत्र में किए गए वादे पूरे नहीं करने पर विपक्ष की आलोचना झेल रही प्रदेश की खट्टर सरकार को अब सड़कों पर भी इनेलो के विरोध का सामना करना पड़ेगा।
एक नवंबर को रोहतक में होने वाली रैली के बाद इनेलो विशेष अभियान चलाएगी। इसके तहत जहां भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का कार्यक्रम होगा, वहीं इनेलो प्रदर्शन करेगी और सीएम को ज्ञापन सौंपेगी। इस मौके पर विधायक परमेंद्र सिंह ढुल, जिलाध्यक्ष कलीराम पटवारी व सतीश पिंडारा भी मौजूद रहे।
इसका खुलासा सांसद दुष्यंत चौटाला ने बुधवार को अर्बन एस्टेट स्थित पार्टी कार्यालय में किया। कार्यकर्ताओं को रोहतक रैली का न्यौता देने पहुंचे चौटाला ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को छह हजार और नौ हजार बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी। अब एक साल बीत गया है और कोई भी घोषणा सिरे नहीं चढ़ी है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काला धन का राग अलापते थे।
सत्ता में आने के बाद जनधन के नाम पर लोगों की जेब से 24 हजार करोड़ रुपये वापस निकाल लिए हैं। चौटाला ने कहा कि कांग्रेस की तरह ही भाजपा भी इनेलो को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। ऐसे में एक नवंबर को अपनी ताकत का अहसास करवाना है।