जींद। शहर के भिवानी रोड पर रेलवे पुल के नीचे डिटेक्टिव स्टाफ की टीम पर छह-सात लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस की टीम नशे की बिक्री की रोकथाम के चलते गश्त पर थी और पूछताछ कर रही थी। टीम का नेतृत्व पुलिस उप निरीक्षक चंद्रपाल कर रहे थे। थाना शहर पुलिस ने दो महिलाओं सहित 7 लोगों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने तथा हाथापाई करने का मामला दर्ज कर लिया है।
उप निरीक्षक चंद्रपाल ने पुलिस एफआईआर में बताया कि 20 सितंबर रात को उनकी टीम भिवानी रोड पर रेलवे पुल के नीचे गश्त पर थी। इस दौरान वहां बिकने वाले नशे को लेकर पूछताछ कर रही थी। तभी मीनू उर्फ पाशा, रोहित, सचिन, टिंकू, रोहताश, दो महिलाओं रमेशो और निशा ने पुलिस के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस गाड़ी पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा और पुलिस कर्मचारियों को भी हल्की चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।