नागरिक अस्पताल के पीपी सेंटर से बुधवार रात में चोरी हुई 1710 कोरोना वैक्सीन के मामले में पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। इनमें एक साइबर टीम, एक सीआईए टीम तथा एक सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम शामिल है। तीनों टीमों ने शुक्रवार को सफीदों रोड पर दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। यहां सफीदों रोड पर ही चोर ने वैक्सीन फेंकी थी। फिलहाल पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है।
बता दें कि वीरवार रात को नागरिक अस्पताल के पीपी सेंटर में रखी कोरोना वैक्सीन की 1710 डोज चोरी हो गई थी। इसके अलावा एक अलमारी में रखे कुछ जरूरी कागजात भी चोरी हो गए थे। वीरवार सुबह कोरोना वैक्सीन की यह डोज मिल गई, लेकिन यह खराब हो गई। इन डोज की कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। वीरवार को ही पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजेंद्र मोर ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने सफीदों रोड की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। उन्होंने बताया कि डीआईजी ओमप्रकाश नरवाल ने इस मामले को लेकर साइबर, सीआईए तथा सिविल लाइन थाना समेत तीन टीमें नियुक्त की हैं। जल्द ही आरोपियों तक पुलिस पहुंच जाएगी।
पीपी सेंटर में लगाए गए सात कैमरे
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रमेश पांचाल ने बताया कि पीपी सेंटर के हर कमरे में कैमरे लगवा दिए गए हैं। जहां पर फ्रीजर में वैक्सीन रखी है उन पर भी कैमरे लगवाए गए हैं। 15 दिन पहले इस बारे में आवेदन मिला था। शुक्रवार को यह कैमरे लगाए गए।