जींद। गोहाना रोड पर पिंडारा और रधाना गांव के बीच गोली मारकर की गई चाबरी गांव के सरपंच हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए जींद, सिविल लाइन थाना और सदर थाना की टीमें लगी हुई है। पुलिस गोहाना रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों का सुराग लग पाएगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने शुक्रवार को ही गांव के तीन लोगों को राउंडअप कर लिया था लेकिन पुलिस को कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा है।
चाबरी गांव निवासी 42 वर्षीय सरपंच रोहताश वीरवार रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। वह किसी कार्य से जींद शहर आ गए। वापस जब वह पिंडारा गांव से आगे पहुंचे तो तीन लोगों ने उसका पीछा कर उसकी बाइक को रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने उसकी लाइसेंसी पिस्तौल छीनकर उसके सिर में गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सरपंच घर से गांव के तालाब में छोड़ गए पानी को संभालने की कहकर निकला था। घटनास्थल पर ही मृतक का पिस्तौल, कागजात, पैसे और मोबाइल फोन मिला था।
-
घटनास्थल के आसपास ढाबे या अन्य जगह लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की टीमें इस मामले में लगी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संजय सिंह, डीएसपी, उचाना