जींद। छोटूराम किसान कॉलेज में आयोजित बीए तृतीय सेमेस्टर अर्थशास्त्र विषय की उत्तर पुस्तिका लेकर परीक्षार्थी के फरार होने के मामले में शहर थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम और रविवार को आरोपी के घर समेत अन्य कई जगह छापेमारी की, लेकिन आरोपी परीक्षार्थी का कहीं सुराग नहीं लगा। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है। हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी टीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह छोटूराम किसान कालेज में सहायक प्राध्यापिका के पद पर कार्यरत है। शनिवार को कालेज में बीए तृतीय सेमेस्टर अर्थशास्त्र की परीक्षा थी। परीक्षा समाप्त होने पर जब उसने उत्तर पुस्तिकाओं को जांचा तो एक उत्तर पुस्तिका गायब मिली जो गांव अलेवा निवासी रोबिन की थी। टीना ने आरोप लगाया कि रोबिन परीक्षा के दौरान अपनी उत्तर पुस्तिका को छुपा कर अपने साथ ले गया है। शहर थाना पुलिस ने टीना की शिकायत पर रोबिन के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच अधिकारी एचसी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है। पुलिस ने शनिवार देर शाम और रविवार को भी आरोपी के घर समेत अन्य कई जगह छापेमारी की, लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका।