नरवाना । रविवार सुबह करीब नौ बजे सीआईए पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर तीन बदमाशों को पैर में गोली मारी। यह मुठभेड़ नरवाना में दो दिन पहले किराना व्यापारी को गोली मारकर रुपयों की लूट करने के आरोपियों को पकड़ने के दौरान हुई। बदमाशों के साथ नरवाना सिरसा ब्रांच नहर के पास मुठभेड़ हुई।
सीआईए नरवाना पुलिस की ओर से जब तीनों आरोपियों को ऊंची आवाज में अपने हथियारों समेत आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो इसके जवाब में तीनों युवकों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायर कर दिए। इस दौरान सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह बाल-बाल बच गए। अपने बचाव में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों आरोपी युवकों को पैर में गोली लगी।
इसके बाद तीनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया गया और सीआईए पुलिस द्वारा तीनों युवकों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना लाया गया। जहां से तीनों को जींद अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस मामले को लेकर डीएसपी अमित कुमार भाटिया ने दोपहर बाद एक प्रेसवार्ता करते हुए मामले की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बीते शुक्रवार रात को शहर के एक किराना व्यापारी गोली मारकर उसकी दुकान से रुपयोंं का बैग लेकर फरार हो गए थे। इन आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने छह टीमों का गठन किया था।
रविवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि किराना व्यापारी सौरभ पर गोली चलाने व लूट करने में शामिल तीन आरोपी स्कूटी पर सवार होकर गांव हथो साइड से नहर की पटरी से होते हुए नरवाना की तरफ आने वाले हैं और तीनों के पास अवैध हथियार भी हैं।
इसके बाद सीआईए टीम नहर की पटरी पर आकर स्कूटी सवार तीनों युवकों को काबू करने के लिए मौके पर पहुंची। इसके बाद स्कूटी पर युवक आते दिखाई दिए और पुलिस टीम द्वारा तीनों को हथियारों सहित आत्मसमर्पण करने के लिए आवाज दी गई, लेकिन स्कूटी पर सवार तीनों आरोपियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय जान से मारने की नीयत से पुलिस की टीम पर फायर कर
दिए। तीनों युवकों की पहचान अंकित उर्फ छोटीवासी चोपड़ा पत्ती नरवाना, अकुंश उर्फ नोनी वासी वाल्मीकि मोहल्ला मोर पत्ती नरवाना और लक्ष्य उर्फ वरुण वासी चोपड़ा पत्ती नरवाना के रूप में हुई। डीएसपी ने बताया कि एक आरोपी फरार है, उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, लूट, हत्या का प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
15जेएनडी35-मुठभेड़ में मौके पर पड़ी बदमाशों की स्कूटी। संवाद- फोटो : mathura
15जेएनडी35-मुठभेड़ में मौके पर पड़ी बदमाशों की स्कूटी। संवाद- फोटो : mathura