18जेएनडी22-अपहरण करने का प्रयास करने के मामले को लेकर बैठक करते व्यापारी। स्रोत व्यापारी
जुलाना। आढ़ती के अपहरण के प्रयास मामले में 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इससे व्यापारियों में भारी रोष देखा जा रहा है। बुधवार को पुरानी अनाजमंडी में व्यापारियों की बैठक हुई जिसमें पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया गया।
कैलाश सिंगला ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के 36 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना गंभीर चिंता का विषय है।
कैलाश सिंगला ने बताया कि मंगलवार सुबह आढ़ती सुशील के अपहरण का प्रयास किया गया था। यह घटना मंडी चौकी से महज कुछ कदमों की दूरी पर हुई। इसके बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।
व्यापारियों ने कहा कि पुलिस ने वीरवार शाम तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो शुक्रवार को दुकानदार अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो रोड जाम किया जाएगा।
थाना प्रभारी विक्रम जोशन ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार नाकेबंदी की जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।