नरवाना। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत बुधवार को बसंत विहार क्षेत्र में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) मनीष दहिया के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नगर एवं ग्रामीण योजना विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाते हुए करीब 220 मकानों के आगे किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर की मदद से हटाया।
कार्रवाई के दौरान एक महिला ने बुलडोजर के आगे खड़े होकर विरोध जताया और ईंट उठाकर बुलडोजर चालक की तरफ फेंकने लगी। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे वहां से हटाया लेकिन कुछ देर बाद वह फिर पुलिसकर्मियों से उलझ गई और हाथापाई करने लगी।
इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। अभियान के दौरान उन सभी अवैध निर्माणों को हटाया गया जो मकानों के आगे सड़क पर बनाए गए थे।
डीटीपी ने बताया कि यह कार्रवाई उच्च न्यायालय की ओर से लागू स्टिल्ट प्लस चार मंजिला नीति के तहत की जा रही है। इस नीति के अनुसार स्वीकृत कॉलोनियों में सड़कों के किनारे किए गए किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे, जैसे लॉन, लैंडस्केपिंग और बाउंड्री वॉल आदि को हटाना अनिवार्य है। पहले चरण में जिला मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई की गई थी जबकि दूसरे चरण में उपमंडल स्तर पर नरवाना को शामिल किया गया है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि स्टिल्ट फ्लोर का उपयोग केवल स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही किया जा सकता है। यदि किसी भवन मालिक ने स्टिल्ट फ्लोर का गलत उपयोग किया है या वहां अवैध निर्माण किया है तो उसे तुरंत हटाना होगा।
अन्यथा विभाग की ओर से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध भी जताया।कुछ स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों से अपील की कि वे स्वयं ही अतिक्रमण हटा लेंगे और तोड़ फोड़ की आवश्यकता नहीं है।
वर्जन
वर्जनबसंत विहार में 220 मकानों के बाहर किए अवैध निर्माणों को हटाते हुए कार्रवाई की ही। सरकारी कार्य में बाधा डाल रही महिला के खिलाफ शहर थाना में शिकायत दे दी गई है।
-मनीष दहिया, डीटीपी जींद
22जेएनडी32-बसंत विहार में अवैध निर्माणों हटाती जेसीबी। संवाद