जींद। उचाना क्षेत्र के अति संवेदनशील इलाकों में रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने शनिवार को पैदल फ्लैग मार्च निकालकर क्षेत्र की गतिविधियों का जायजा लिया। बटालियन रैपिड एक्शन फोर्स के विजय कुमार सहायक कमांडेट के नेतृत्व में परिचित अभ्यास के क्रम में चौथे दिन पुलिस थाना उचाना के थाना प्रभारी आत्माराम से मुलाकात की और थाना क्षेत्र के संबंध में विभिन्न अहम जानकारियां हासिल की। बटालियन की प्लाटून ने कस्बे के मुख्य बाजार, प्रमुख रास्तों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने संवेदनशील तथा सांप्रदायिक रूप से अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया ताकि भविष्य में जरूरत पडने पर उसे स्थान इलाके में तुरंत पहुंचकर शीघ्र कार्रवाई की जा सके। सहायक कमांडेट विजय कुमार ने बताया कि परिचय अभ्यास के दौरान संबंधित क्षेत्र की जनसंख्या सामाजिक दृष्टि से संवेदनशील जगहों, विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा की सूची तैयार की जाती है, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की कोई सांप्रदायिक तनाव एवं दंगे की स्थिति घटित होने और प्राकृतिक आपदा होने पर अधिक कारगर ढंग से उस पर नियंत्रण कर कार्रवाई की जा सके।